फिल्म प्रचार डेस्क
बायोपिक के इस दौर में अब भारतीय जनसंघ के लीडर पंडित दीनदयाल उपाध्याय पर फिल्म बनकर तैयार है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और भारतीय राजनीति में उनके महत्व से हर कोई वाकिफ है। उनके महत्व को यूं भी जाना जा सकता है कि देश के लगभग हर बड़े शहर में उनके नाम से कोई संस्था या मार्ग है। उन्हीं के जीवन पर हाल ही में मुगल सराय जंक्शन के नाम से यह फिल्म बनाई गई है।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन में काफी उतार चढ़ाव रहे। उनका जन्म एक बहुत गरीब परिवार में यूपी के मथुरा जिले में हुआ। उनके मां बाप समेत सारे करीबी एक-एक कर उनको छोड़कर चले गए, फिर भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और भारतीय राजनीति में अपना एक मुकाम बनाया। यह फिल्म पंडित दीनदयाल के देश के प्रति प्यार और समर्पण को व्यक्त करती है। अनूप जलोटा तथा महावीर प्रसाद ने मिलकर इसे एम प्रसाद प्रोडक्शन के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिन के अवसर पर इसे रिलीज किया जाएगा। आशीष कुमार कश्यप फिल्म के निर्देशक हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की भूमिका में मोहित कनोजिया तथा उनके गुरु के रोल में अनूप जलोटा नजर आएंगे। इनके साथ सीमा मोदी, योगेश वर्मा, ज्ञानेश शुक्ला, मृदुलय सिंह मेड्डी, डॉ. सुजाता चौधरी, पार्थ वर्मा, समृद्धि सिंह, आर्यन कश्यप, अपराजिता कश्यप, आराध्य कश्यप भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।